
पंडित दिव्यांश शर्मा स्वतन्त्र पत्रकार
हरिद्वार, 28 जुलाई।
नया उदासीन अखाड़ा पंजाब गुट की एक महत्वपूर्ण बैठक हरिद्वार में आयोजित की गई। बैठक में अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष श्रीमहंत रवींद्र पुरी और महामंत्री श्रीमहंत हरि गिरी भी उपस्थित रहे। बैठक में नया उदासीन अखाड़ा के सचिव गणेश दास ने अखाड़ा परिषद के पदाधिकारियों के समक्ष अखाड़े की समस्याएं रखीं। उन्होंने कहा कि नया उदासीन अखाड़ा अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के साथ है, लेकिन अखाड़े के कुछ संत देवताओं का अपमान कर रहे हैं। उनका आरोप है कि देवताओं को कुंभ में स्नान नहीं करवाया गया। उन्होंने कहा कि यह अपमान बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सचिव गणेश दास ने कहा कि उन्हें महामण्डलेश्वरों ने मिलकर सचिव पद सौंपा था। “जहां कहेंगे उनके साथ चलेंगे। न्याय लेकर रहेंगे। चार लोगों को हटाना आसान है। अखाड़े को लूटा गया, देवताओं का अपमान किया गया है।” उन्होंने आगे कहा कि कुछ लोग श्री गुरु ग्रंथ साहिब और गुरु नानक देव के उपदेशों की जानकारी नहीं रखते। ऐसे लोगों का पद पर रहना उचित नहीं है। उन्होंने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भी संज्ञान लेकर कार्यवाही की मांग की। गणेश दास ने आरोप लगाया कि कुछ महंत गृहस्थ हैं और उन्होंने करोड़ों रुपए का हेरफेर और अखाड़े की भूमि खुर्द-बुर्द की है। जो लोग उनका समर्थन कर रहे हैं उन्हें भी सोचना चाहिए। उन्होंने कहा कि पूरा पंजाब उनके साथ है। मामले को लेकर निचली अदालत में लड़ाई लड़ी जा रही है और आवश्यकता पड़ी तो सुप्रीम कोर्ट भी जाया जाएगा। उन्होंने कहा कि उनका पूरा जीवन उदासीन अखाड़ा को समर्पित है। इस पर अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के पदाधिकारियों ने आश्वासन दिया कि नया उदासीन अखाड़ा अपनी लड़ाई लड़े, परिषद उनके साथ है। नासिक और प्रयागराज में सरकार के समक्ष उनकी बात रखी जाएगी। उन्होंने कहा कि जो भी कागजात हैं उन्हें प्रशासन के समक्ष प्रस्तुत किया जाए। सचिव गणेश दास के अनुसार नकली देवताओं की पूजा हो रही है। परिषद ने भरोसा दिलाया कि इन समस्याओं का समाधान किया जाएगा।
बैठक में महेश पुरी, दयाल दास, बाबा भरपूर दास, बाबा बेंट दास, चेतन दास, बसंत दास, सुखदेव प्रकाश, भगवान दास, केशव दास, केवल दास, महा शिवानंद, उत्तम दास, सुखदास और रतन दास सहित बड़ी संख्या में संत उपस्थित रहे। बैठक के बाद संतों में अखाड़े की मर्यादा और देवताओं के सम्मान को लेकर एकजुटता देखी गई।



