
पंडित दिव्यांश शर्मा स्वतन्त्र पत्रकार
हरिद्वार, 6 अक्टूबर।
हरिद्वार – धर्मनगरी में विकास और आस्था का संगम, युवा व्यापारियों ने दिखाया जनहित का मार्ग । देवभूमि उत्तराखंड का प्रवेश द्वार और मोक्षदायिनी मां गंगा की पावन नगरी हरिद्वार आज विकास की नई इबारत लिख रही है। जहां एक ओर कुंभ की भव्यता और हर की पैड़ी की दिव्यता पूरे विश्व को अपनी ओर आकर्षित करती है, वहीं दूसरी ओर राष्ट्रीय राजमार्गों के चौड़ीकरण से इस धर्मनगरी को और अधिक सुगम बनाया जा रहा है। इसी विकास यात्रा के बीच जब आम किसान और भूस्वामी के अधिकारों पर तकनीकी त्रुटि की आंच आने लगी तो जनपद हरिद्वार के जगजीतपुर व्यापार मंडल की युवा इकाई किसानों की आवाज बनकर सामने आई है। मामला लक्सर-हरिद्वार हाईवे के फोरलेन चौड़ीकरण परियोजना से जुड़ा है। जगजीतपुर व्यापार मंडल, समन्वय प्रांतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल जिला हरिद्वार की ओर से विशेष भूमि अध्याप्ति अधिकारी, जिला कलेक्ट्रेट रोशनाबाद को दिनांक 05-10-2026 को एक आपत्ति पत्र सौंपा गया है। व्यापार मंडल के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष द्वारा दिए गए पत्र में बताया गया है कि वर्तमान में राष्ट्रीय राजमार्ग लक्सर-हरिद्वार मार्ग का चौड़ीकरण कार्य चल रहा है जिसके कारण ग्राम जगजीतपुर, देवपुर मुस्तकम, तहसील हरिद्वार की कृषि और आवासीय भूमि प्रभावित हो रही है। अत्यंत खेद का विषय है कि विभाग द्वारा जारी वर्तमान भूमि अधिग्रहण सूची और पोर्टल पर ग्राम देवपुर मुस्तकम का एक भी खसरा नंबर प्रदर्शित नहीं हो रहा है और जगजीतपुर के भी कुछ खसरा नंबर प्रदर्शित नहीं हैं, जबकि धरातल पर गांव की भूमि इस हाईवे परियोजना की जद में आ रही है।
व्यापार मंडल ने आशंका जताई है कि सूची में खसरा नंबर प्रदर्शित न होने से भविष्य में प्रार्थीगण को उचित मुआवजे, पुनर्वास और अन्य वैधानिक लाभों से वंचित होना पड़ सकता है। यह किसी तकनीकी त्रुटि या सर्वे छूटने के कारण प्रतीत होता है।
व्यापार मंडल ने मांग की है कि उक्त मामले की गंभीरता को देखते हुए तकनीकी या लिपिकीय त्रुटि में सुधार किया जाए और देवपुर मुस्तकम तथा जगजीतपुर के प्रभावित खसरा नंबरों को अधिग्रहण की संशोधित सूची में तत्काल शामिल करने के आदेश जारी किए जाएं ताकि किसानों और भूस्वामियों के अधिकारों की रक्षा हो सके। गैर राजनीतिक संरक्षण में जनहित की मिसाल –
सबसे बड़ी बात यह है कि जगजीतपुर व्यापार मंडल की युवा इकाई बिना किसी राजनीतिक संरक्षण के लगातार जनहित के कार्य कर रही है। आमतौर पर व्यापार मंडल केवल बाजार तक सीमित रहते हैं लेकिन जगजीतपुर व्यापार मंडल ने किसानों के हक की लड़ाई लड़कर एक नई परंपरा शुरू की है। युवा व्यापारियों का यह गैर राजनीतिक और निस्वार्थ भाव से किसानों के साथ खड़ा होना पूरे जनपद ही नहीं बल्कि पूरे प्रदेश में चर्चा का विषय बना हुआ है। लोग कह रहे हैं कि जब युवा व्यापारी ही अन्नदाता के हित की बात करेगा तो निश्चित ही विकास में सभी का साथ सुनिश्चित होगा। इस अवसर पर व्यापार मंडल के प्रमुख पदाधिकारी मौजूद रहे।
युवा व्यापार मंडल बना किसानों की ढाल, विशेष भूमि अध्याप्ति अधिकारी को सौंपा आपत्ति पत्र।
लक्सर-हरिद्वार फोरलेन में बड़ा खेल, देवपुर मुस्तकम के खसरा नंबर सूची से नदारद।
Youth Trade Association steps up to shield farmers; submits a letter of objection to the Special Land Acquisition Officer.
Major irregularity in the Laksar-Haridwar four-lane project; Devpur Mustakam missing from the Khasra number list.










