
पंडित दिव्यांश शर्मा स्वतन्त्र पत्रकार
हरिद्वार, 6 सितंबर।
हरिद्वार – रानीपुर कोतवाली क्षेत्र में भेलकर्मी के साथ मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है और घटना में प्रयोग की गई दो मोटर साइकिल बरामद की हैं। कोतवाली रानीपुर पर 13 अगस्त 2026 को एच 135 शिवालिक नगर निवासी मोहित चौधरी पुत्र देवेन्द्र चौधरी ने सूचना दी थी कि वह सुबह अपने घर से भारत हैवी इलेक्ट्रिकल्स में ड्यूटी पर जा रहे थे। सेक्टर पांच बी खोखा बाजार के पास दो मोटर साइकिल पर सवार पांच अज्ञात युवकों ने उन्हें रोक लिया, गाली गलौज की, लाठी डंडा और पट्टे से पिटाई की, संदीप वर्मा को पांच लाख रुपये देने की बात कही और जान से मारने की धमकी देकर भाग गये। आरोपित उनकी मोटर साइकिल की चाबी निकाल कर जंगल में फेंक कर चले गये थे। इस सूचना पर मुकदमा अपराध संख्या 284/26 दर्ज किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक कोतवाली रानीपुर के नेतृत्व में टीम का गठन किया गया। टीम ने आसपास लगे निगरानी कैमरों की जांच की और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। लगातार प्रयास के बाद 04 सितंबर 2026 को नई टिहरी विस्थापित सेना मैदान गुर्जर बस्ती से चार आरोपितों को पकड़ा गया। पकड़े गये आरोपितों की पहचान हरविंदर सिंह उर्फ बॉबी उर्फ पहलवान पुत्र कुलदीप सिंह निवासी मौजमपुर सदात, आकाश पुत्र चंद्रया निवासी जुल्फकारपुर गड़ी, ऋषभ पुत्र मनोज निवासी ढाकी हुसैनपुर और हिमांशु पुत्र मुनेश कुमार निवासी जगदीशपुर थाना नजीबाबाद जिला बिजनौर उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है।
पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि वे बेरोजगार हैं और नौकरी की तलाश में हरिद्वार आये थे। उनके एक परिचित ने सिडकुल में नौकरी लगवाने और रोशनाबाद में सब्जी की ठेली लगवाने के नाम पर उनकी मुलाकात शिवालिक नगर निवासी संदीप वर्मा से कराई थी। संदीप वर्मा का अपने पड़ोसी मोहित चौधरी से पुराना विवाद है। संदीप वर्मा ने आरोपितों से कहा कि मोहित चौधरी ने उसकी पुत्री के साथ छेड़छाड़ की है, इसलिए उसे ड्यूटी पर जाते समय रास्ते में रोक कर पीट कर डरा दो। इस काम के लिए संदीप वर्मा ने तीन हजार रुपये नकद दिये थे। प्रभारी निरीक्षक मनोहर सिंह भंडारी ने बताया कि आरोपितों के कब्जे से घटना में प्रयोग की गई दो मोटर साइकिल बरामद कर ली गई हैं। आरोपितों के विरुद्ध आगे की वैधानिक कार्यवाही की जा रही है और साजिश रचने वाले संदीप वर्मा के विरुद्ध भी कार्यवाही की जायेगी। इस कार्रवाई में उप निरीक्षक मंदीप सिंह, कांस्टेबल विवेक गुसाईं, कांस्टेबल प्रेम सिंह और कांस्टेबल महेंद्र सिंह शामिल रहे।





